*जदयू कार्यकर्ताओ की विधानसभा स्तरीय समीक्षा बैठक सम्पन्न। हर खबर पर पैनी नजर।*

Dk
Desk

समस्तीपुर:- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का दामन बेदाग है और सदा ही बेदाग रहेगा। इसीलिए बिहार की सम्मानित जनता ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को फिर से मुख्यमंत्री का ताज पहनाया है। उक्त बातें कहीं जदयू के राष्ट्रीय सचिव एवं मोरवा विधानसभा के पूर्व विधायक विद्यासागर सिंह निषाद ने सोमवार को निकसपुर कॉलेज के प्रांगण में आयोजित मोरवा विधानसभा स्तरीय जदयू की समीक्षात्मक बैठक को संबोधित करते हुए कही। वहीं श्री निषाद ने मोरवा विधानसभा में जदयू की असफलता के संबंध में चुनौती के रूप में कार्यकर्ताओं को लेने का आह्वान करते हुए बताया कि हर असफलता से सफलता का सूत्र प्राप्त होता है। नए साल में नई ऊर्जा के साथ फिर से पार्टी को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं का आह्वान किया। बिहार प्रदेश के जदयू उपाध्यक्ष रुदल राय ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार  के निर्देश पर सभी मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं को इनाम दिया जाएगा। श्री राय ने कहा कि मुख्यमंत्री की नजर शासन के साथ ही पंचायत स्तरीय संगठनात्मक व्यवस्था पर भी टिकी हुई है। वहीं श्री राय ने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देशानुसार जदयू कार्यकर्ताओं के द्वारा बिहार के सभी पंचायतों में जाकर पंचायत स्तरीय समीक्षा करायी जायेगी। अति शीघ्र प्रखंड और जिला में बीस सूत्री समितियों का भी गठन किया जाएगा। इस मौके पर जिला पर्यवेक्षक आशिफ कमाल, रामचंद्र सिंह कुशवाहा, एवं रामनरेश सिंह ने भी कार्यकर्ताओं को पिछली बातें भूल कर नए सिरे से पार्टी को मजबूत करने के लिए आह्वान किया। प्रदेश उपाध्यक्ष रूदल राय एवं जिला पर्यवेक्षक द्वारा अधिकांश कार्यकर्ताओं से बारी- बारी से बूथ स्तरीय हार जीत एवं मतदान प्राप्ति की समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता एवं संचालन प्रखंड अध्यक्ष शर्वेन्दु कुमार शरण ने किया। पटोरी प्रखंड अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, ताजपुर प्रखंड अध्यक्ष दिनेश पासवान, दिनेश राय आदि ने बैठक को संबोधित किया। मौके पर जिले के संपूर्ण विधानसभा क्षेत्र के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।

Related posts

Leave a Comment